बलरामपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के लिए उपयोग किए जा रहे मार्ग को ध्वस्त कर दिया है। साथ ही अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर वाहनों को भी जब्त किया गया है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने वाड्रफनगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में ग्राम कैलाशपुर स्थित मोरन नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन के लिए बनाए गए रास्तों को ग्रामीणों की उपस्थिति में कई स्थानों पर बंद कर नष्ट किया गया।
प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाना और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
जब्त वाहनों को पुलिस चौकी वाड्रफनगर और थाना बसंतपुर की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बलरामपुर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
