नई दिल्ली, एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने पहले गोल्ड मेडल का खाता खोल दिया है। जापान के आइची-नागोया में खेले गए महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने महिला क्रिकेट में लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता है।
फाइनल मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन बनाए और श्रीलंका के सामने 217 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 69 रन पर सिमट गई।
भारत की पारी में स्मृति मंधाना ने शानदार 79 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 48 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि ऋचा घोष 49 रन बनाकर नाबाद रहीं। इन पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने फाइनल में बड़ा स्कोर खड़ा किया।
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। चमारी अट्टापट्टू ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट झटके। शेफाली वर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल ने 2-2 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता महिला क्रिकेट का गोल्ड
एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2023 में पहली बार हिस्सा लिया था और उसी संस्करण में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। अब 2026 में भी फाइनल में श्रीलंका को शिकस्त देकर भारत ने अपना खिताब बरकरार रखा है।
महिला क्रिकेट में पाकिस्तान भी दो बार एशियन गेम्स का गोल्ड जीत चुका है। पाकिस्तान ने 2010 और 2014 में लगातार दो संस्करणों में स्वर्ण पदक हासिल किया था। भारत ने 2023 और 2026 में दो गोल्ड मेडल जीतकर इस स्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत की है।
फाइनल का स्कोर
भारत महिला: 216/3 (20 ओवर)
श्रीलंका महिला: 69 (15.4 ओवर)
भारत की जीत: 147 रन
भारत की प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी और नंदनी शर्मा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा और सुगंधिका कुमारी।
