रायपुर, 16 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर बस्तर और सरगुजा अंचल में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि गांवों के नजदीक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचने से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बैंक की सेवाओं के 25 वर्ष पूरे होने की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बैंक के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तैयार विशेष लोगो का विमोचन किया और बैंक प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्राहकों को बधाई दी।
गांवों तक पहुंचें आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में मजबूत और सर्वसुलभ बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है। डिजिटल तकनीक ने बैंकिंग सेवाओं को आसान बनाया है, लेकिन इसका लाभ केवल बड़े शहरों और व्यावसायिक केंद्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के ग्रामीण तथा दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनजातीय आबादी निवास करती है। बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ने से लोगों को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जुड़ने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी।
किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांव के नजदीक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से लोगों का समय और संसाधन बचेंगे। ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच से परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के विस्तार से किसानों को कृषि एवं संबंधित गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता, युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम शुरू करने के लिए ऋण तथा छोटे कारोबारियों को व्यवसाय विस्तार के लिए पूंजी उपलब्ध हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
महिला स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों और छोटे उद्यमों से जुड़ रही हैं। बैंकिंग संस्थाओं को इन समूहों तक ऋण, वित्तीय साक्षरता और अन्य बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच मजबूत करनी चाहिए।
वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की जरूरत
मुख्यमंत्री साय ने बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार के साथ वित्तीय साक्षरता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित लेन-देन, बचत, बीमा और वित्तीय प्रबंधन के बारे में जागरूक करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सरकार के साथ निजी क्षेत्र और वित्तीय संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंकिंग संस्थाएं निवेश, उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहयोगी बन सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एचडीएफसी बैंक अपने अनुभव और सेवाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास एवं वित्तीय समावेशन में अपनी सहभागिता को आने वाले वर्षों में और विस्तार देगा। उन्होंने बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने की आवश्यकता दोहराई।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
