कवर्धा, 16 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौधन की सुरक्षा, संरक्षण, समुचित देखभाल और संवर्धन को लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक की। बैठक में जिले में गौधन की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को गौधन के बेहतर रखरखाव और देखभाल के लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से ग्राम सरेखा में गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने को कहा।
हादसे की स्थिति में तत्काल मदद के निर्देश
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना या आपात स्थिति में घायल गौधन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रेन, जेसीबी सहित अन्य जरूरी उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू किया जा सके।
गुजरात की व्यवस्थाओं का किया उल्लेख
विजय शर्मा ने गुजरात में गौधन की देखभाल और पशुधन प्रबंधन के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की उपयोगी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर कबीरधाम जिले में भी उन्हें लागू करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने व्यवस्था का अध्ययन करने के इच्छुक गौसेवकों और गौ रक्षकों को गुजरात भ्रमण कराने की बात भी कही।
दवाइयों और पशु चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक को गौधन के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां और आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार पशु चिकित्सकों और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बीमार और घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार बनेगी रणनीति
विजय शर्मा ने अधिकारियों, गौसेवकों और पशुपालकों से आपसी समन्वय के साथ गौधन की सुरक्षा और देखभाल के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गौसेवकों और पशुपालकों के साथ बैठक कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गौसेवक और पशुपालक उपस्थित रहे।
