बीजापुर । वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव शिकार के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान वन्यप्राणी का मांस, संभावित रूप से नीलगाय का मांस तथा शिकार में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।
मुखबिर की सूचना पर नीतिकाकलेर क्षेत्र में कार्रवाई
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने 19 अगस्त को कार्रवाई की। मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बारिश के बीच भी जारी है गश्त
वन विभाग के अनुसार लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और कठिन आवागमन के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर वन्यजीवों की सुरक्षा में जुटे हैं। यह कार्रवाई मजबूत सूचना तंत्र और मैदानी अमले की सतत निगरानी का परिणाम है।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन अपराध और अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को दें। वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और स्थानीय लोगों की सहभागिता से संरक्षण के प्रयासों को और मजबूत किया जा सकता है।
