दुर्ग। छत्तीसगढ़ में TET पास शिक्षकों की पदोन्नति में हो रही देरी को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों का विरोध अब सड़क पर उतर आया है। पदोन्नति की मांग को लेकर सोमवार को 33 जिलों से सैकड़ों शिक्षक दुर्ग पहुंचे और धरना स्थल पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने सरकार से पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है।
चार महीने से आश्वासन का इंतजार
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति के लिए जरूरी CR समेत अन्य दस्तावेज विभाग के पास जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। शिक्षकों का दावा है कि शिक्षा मंत्री की ओर से पदोन्नति जल्द कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन चार महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
करीब 40 हजार शिक्षक पदोन्नति की राह में
शिक्षकों का दावा है कि प्रदेश में करीब 40 हजार TET पास शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से विभागीय स्तर पर प्रक्रिया लंबित होने के कारण शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि इसके बाद भी यदि समाधान नहीं निकला तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने पर विचार करेंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा- मामला विचाराधीन
वहीं, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार सभी की चिंता कर रही है और शिक्षकों की पदोन्नति से जुड़ा मामला विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि फिलहाल विभाग के अधिकारी भर्ती प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षकों की पदोन्नति तत्काल की जाएगी।
शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति में लगातार हो रही देरी से उनके भविष्य और स्कूलों की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। अब शिक्षकों की नजर सरकार के अगले कदम पर है।
