मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से इलाज नहीं करा पा रहे अविनाश को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की मदद से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिली।
स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिरकर दैनिक कार्य कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता जताते हुए उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।
जन्म से थी शारीरिक परेशानी
अविनाश को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ परेशानी भी बढ़ती गई, जिससे उन्हें चलने-फिरने और रोजमर्रा के कामों में कठिनाई होने लगी। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण बड़े अस्पताल में उपचार और ऑपरेशन कराना संभव नहीं था।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने की तत्काल पहल
इलाज के लिए सहायता की उम्मीद में अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंप कार्यालय ने तत्काल पहल की और उन्हें रायपुर भेजकर डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराया गया। अस्पताल में उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।
उपचार के बाद अविनाश अब सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री साय, चिकित्सकों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुश्किल समय में मिली सहायता ने उनकी जिंदगी बदल दी और उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिली।
जरूरतमंदों के लिए सहारा बन रहा कैंप कार्यालय
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारी और अन्य कठिन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है। अविनाश की कहानी जरूरतमंदों के लिए समय पर सहायता और संवेदनशील पहल का उदाहरण है।
