केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। 17 से 19 मई तक प्रस्तावित इस दौरे में सुरक्षा व्यवस्था, बस्तर में विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और उच्च स्तरीय बैठकों पर विशेष फोकस रहेगा।
आज शाम रायपुर पहुंचेंगे गृह मंत्री
गृह मंत्री अमित शाह आज शाम करीब 8:10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग के जरिए सीधे मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
18 मई का कार्यक्रम
18 मई को गृह मंत्री कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे—
- सुबह 10:15 बजे रायपुर पुलिस ट्रेनिंग स्कूल परेड ग्राउंड से डायल-112 की 400 नई आधुनिक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
- सुबह 11:45 बजे नेतानार में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे।
- दोपहर 1 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।
- दोपहर 2 बजे बादल अकादमी में आयोजित वृहद संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
- इस दौरान शहीदों के परिजनों, CAPF, विशेष सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों और नक्सल प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
- शाम 6:30 बजे ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जनजातीय कला-संस्कृति का अवलोकन करेंगे।
19 मई को होगी अहम बैठक
19 मई को जगदलपुर में गृह मंत्री उच्च स्तरीय प्रशासनिक और सुरक्षा बैठकों में शामिल होंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और जन सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की जाएगी।
पूरे प्रदेश में लागू होगी डायल-112 सेवा
गृह मंत्री के दौरे का एक बड़ा आकर्षण डायल-112 सेवा का विस्तार भी रहेगा। अब तक यह सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है। इसके तहत 400 नए वाहनों को सेवा में शामिल किया जाएगा।
इस दौरे में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन बनाने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है। बस्तर में जन सुविधा केंद्र, फॉरेंसिक यूनिट्स, शहीदों को श्रद्धांजलि और संवाद कार्यक्रमों के जरिए सरकार जमीनी स्तर पर भरोसा मजबूत करने की दिशा में काम करती नजर आएगी।
