रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा लहराता नजर आया, वहीं जगह-जगह ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ध्वजारोहण
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों की सलामी ली। मार्च पास्ट के दौरान मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों और पुलिस जवानों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद का किया जिक्र
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिमागी नक्सलवाद की सोच रखने वाले लोग अवसर की तलाश में हैं और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
CM साय बोले- नक्सलवाद के खिलाफ मिली बड़ी सफलता
प्रधानमंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सरकार को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय डबल इंजन की सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुरक्षा बलों के जवानों को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों की बहादुरी और सरकार की रणनीति के चलते प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है।
देशभक्ति के रंग में रंगा रायपुर
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रायपुर में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराया गया। विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन भी किए गए। स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
