बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पुरी समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति ऐसे समय में बनी है जब गुरुवार को पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा आयोजित होने वाली है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आईएमडी के अनुसार, उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के अगले दो दिनों में आगे बढ़ने की संभावना है। मंगलवार शाम से पुरी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तेज बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। भगवान जगन्नाथ मंदिर के सामने स्थित ग्रैंड रोड पर भी पानी भर गया, जहां से रथ यात्रा का आयोजन होना है।
जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन ने अग्निशमन विभाग की टीमों और पंपों की तैनाती की है। पिछले 24 घंटों में पुरी में 143.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि केंद्रपाड़ा जिले के डेराबिस में 135 मिमी और पटामुंडई में 129 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने पुरी और जगतसिंहपुर जिलों के लिए रेड वार्निंग जारी की है। मौसम को देखते हुए पुरी जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों सहित सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं को तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
आईएमडी ने मछुआरों को भी चेतावनी दी है कि वे 17 जुलाई तक ओडिशा तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में न जाएं, क्योंकि समुद्र में स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है।
