रायपुर। ग्राम निमोरा में सद्गुरु कबीर साहेब का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत समाज, कबीरपंथी साहू समाज, कबीर सैनिक सेवार्थी संघ तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर आध्यात्मिक और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
उत्सव की शुरुआत महंत टकसार साहेब द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद विशाल कबीर साहेब प्रतिमा के समक्ष भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में निशाना पूजा, भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर संत समाज ने सद्गुरु कबीर साहेब के बताए सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की एक विशेष पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी रही। आयोजन में शामिल समाजजनों ने वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।
आध्यात्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने वाला यह आयोजन ग्राम निमोरा में श्रद्धा और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
