छत्तीसगढ़ सरकार ने डोंगरगांव की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए डोंगरगांव नगर पंचायत का नगर पालिका में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई व्यवस्था में डोंगरगांव नगर पालिका की सीमाएं पूर्व की नगर पंचायत की सीमाओं के अनुरूप ही रहेंगी।
नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद डोंगरगांव में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर डोंगरगांव के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने से डोंगरगांव में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचाया जा सकेगा।
जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि नगर पालिका बनने से डोंगरगांव के सुनियोजित शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी और विकास कार्यों के लिए अधिक वित्तीय एवं प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
इस दौरान डोंगरगांव नगर पंचायत की अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी सहित पार्षद मनबोधी पटेल, पदमनी ठाकुर, गायत्री यादव, लीला मंडलोई, डीकेश साहू, दीना पटेल और रामकुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
