रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के ग्राम पलोद में आयोजित वृक्षारोपण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारत की वर्ष 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी के समर्थन में 2036 पौधों का रोपण किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, हरित और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी है। उन्होंने खेल और पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्र निर्माण के दो महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए बेहतर खेल वातावरण और आधुनिक अधोसंरचना विकसित कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है, जबकि बस्तर ओलंपिक जैसे नवाचारों ने दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाई है। इस वर्ष लाखों युवाओं की भागीदारी प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल क्षेत्र में विशेष बजट प्रावधान किए जा रहे हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई पहल कर रही है। वहीं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने युवाओं को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख किया।
इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण कुमार पाण्डेय, बीएसएफ के आईजी श्री संजय पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
