Keir Starmer Resignation : लंदन। यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। उनके इस फैसले के बाद ब्रिटेन की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और लेबर पार्टी के नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्टार्मर का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे।
पार्टी के भीतर बढ़ते दबाव के बीच लिया फैसला
अपने बयान में कीर स्टार्मर ने कहा कि पार्टी के कई सदस्यों के मन में यह सवाल था कि क्या वह अगले आम चुनाव में लेबर पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने इन चिंताओं का सम्मान किया और पार्टी को नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने का मौका देने के लिए इस्तीफा देने का फैसला किया।
अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का किया जिक्र
इस्तीफे की घोषणा करते हुए स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में यहूदी विरोधी विचारधारा के खिलाफ सख्त कदम उठाए और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रधानमंत्री बनने को अपने जीवन का एक गौरवपूर्ण क्षण बताया और देश की सेवा करने का अवसर मिलने पर आभार व्यक्त किया।
नए प्रधानमंत्री की दौड़ शुरू
स्टार्मर के इस्तीफे के बाद लेबर पार्टी अब नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू करेगी। पार्टी के भीतर कई नामों की चर्चा हो रही है, जिसमें हाल ही में चुनाव जीतकर आए नेता एंडी बर्नहैम को संभावित दावेदारों में सबसे आगे माना जा रहा है। उनके पास बड़ी संख्या में सांसदों का समर्थन होने की भी चर्चा है।
ब्रिटेन में अधूरे कार्यकाल छोड़ने वाले नेताओं की सूची में शामिल
कीर स्टार्मर पिछले एक दशक में उन ब्रिटिश प्रधानमंत्रियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ा। इससे पहले डेविड कैमरन, थेरेसा मे, बोरिस जॉनसन, लिज ट्रस और ऋषि सुनक भी अपना पूरा कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
