मॉस्को/कीव। यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया और क्रास्नोदार क्षेत्र पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए हैं। इन हमलों में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। हमलों के बाद क्रीमिया में आम लोगों के लिए पेट्रोल और डीजल की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
क्रीमिया में 4 मौतें, ईंधन संकट
क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि हमलों में 4 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हैं। सुरक्षा कारणों से पूरे क्रीमिया में आम नागरिकों और निजी व्यवसायों के लिए ईंधन बिक्री बंद कर दी गई है। केवल सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और जरूरी सरकारी कामों के लिए ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। हमलों से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
क्रास्नोदार में तेल टर्मिनल पर हमला
क्रास्नोदार क्षेत्र में यूक्रेन के ड्रोन ने एक तेल ट्रांसपोर्ट सेंटर को निशाना बनाया। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तेल टर्मिनल में आग लग गई। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमलों की पुष्टि की है।
रूस का दावा- 239 ड्रोन मार गिराए
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में 239 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। इसके बावजूद कई ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रहे। हमलों के कारण क्रीमिया को रूस से जोड़ने वाले केर्च स्ट्रेट में फेरी सेवा कुछ समय के लिए बंद करनी पड़ी और केर्च ब्रिज पर 9 घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। इससे 11 ट्रेनें देरी से चलीं।
