PM Narendra Modi International Yoga Day: कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया। उन्होंने 35,000 लोगों के साथ सामूहिक योग साधना की और योग को मानव एकता का प्रतीक बताया।
योग सबको जोड़ता है
राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि योग की ताकत ही है जो पूरे विश्व और देश को एक सूत्र में बांधती है। उन्होंने कहा, “21 जून अब विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव का दिन बन गया है।” पीएम मोदी ने कोलकाता के लोगों की ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरी देश के लिए प्रेरणा है।
बंगाल की आध्यात्मिक विरासत को याद किया
पीएम मोदी ने बंगाल की पवित्र भूमि को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने भगवान रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविंद और लाहिड़ी महाशय जैसे महान संतों और योगियों की विरासत का सम्मान किया। साथ ही गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग मनुष्य को अपनी दुनिया से जोड़ने का माध्यम है।
स्वस्थ वृद्धावस्था पर दिया जोर
प्रधानमंत्री ने ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि योग का लक्ष्य यह होना चाहिए कि 40 साल की उम्र में हम 20 साल जितने लचीले रहें, 50 में 30 जितने ऊर्जावान और 70 में 50 साल जितनी प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखें। योग न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी आधार है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने पूरे देश और विश्व के लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
