मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा के ग्राम डोंडराही में धरती आबा Birsa Munda की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि यह स्थल अब “बिरसा मुंडा चौक” के नाम से जाना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, जनजातीय अस्मिता के संरक्षण तथा अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए समाज को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के आदर्श आज भी देश के युवाओं और जनजातीय समाज को प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु कुल 37 लाख रुपये की घोषणा की। इनमें बैगाटोली कर्मा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, कुदमुरा नांदो टोली में रंगमंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, कुदमुरा पतराटोली में सांस्कृतिक मंच निर्माण हेतु 7 लाख रुपये तथा हनुमान मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 6,661 गांव इन योजनाओं के दायरे में शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों, श्रमिकों और ग्रामीणों के हित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य दिया जा रहा है तथा तेंदूपत्ता संग्रहण दर को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 6,000 से अधिक ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा चुके हैं, जहां आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
