PhonePe Wallet Charge : नई दिल्ली। देश में डिजिटल भुगतान के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ऐप्स में शामिल PhonePe इन दिनों एक नए विवाद को लेकर चर्चा में है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और Reddit पर कुछ स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि अगर PhonePe Wallet लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं किया जाता है तो यूजर्स से हर तीन महीने में 100 रुपये तक का शुल्क वसूला जा सकता है। इस खबर के सामने आने के बाद कई यूजर्स के मन में सवाल उठने लगे हैं।
क्या है 100 रुपये चार्ज लगाने का नियम?
वायरल हो रही जानकारी के मुताबिक, PhonePe अपने कुछ यूजर्स को नोटिफिकेशन भेज रहा है, जिसमें कहा गया है कि यदि PhonePe Wallet लगातार 12 महीनों तक निष्क्रिय (Inactive) रहता है तो उस पर तिमाही आधार पर 100 रुपये तक का शुल्क लगाया जा सकता है। टेक टिप्स्टर अभिषेक यादव ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इससे जुड़ा स्क्रीनशॉट साझा किया है, वहीं कई Reddit यूजर्स ने भी ऐसे नोटिफिकेशन मिलने की बात कही है।
UPI और PhonePe Wallet में क्या है अंतर?
कई लोग PhonePe का इस्तेमाल केवल UPI के जरिए बैंक अकाउंट से पैसे भेजने और भुगतान करने के लिए करते हैं। हालांकि, ऐप के अंदर एक अलग PhonePe Wallet की सुविधा भी मौजूद होती है। यह एक प्रीपेड डिजिटल वॉलेट है, जिसमें यूजर पहले से पैसे जोड़कर रख सकते हैं और छोटे भुगतान के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह शुल्क केवल Wallet से जुड़ा है, सामान्य UPI लेनदेन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वॉलेट बंद करने को लेकर भी उठ रहे सवाल
कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि PhonePe Wallet को बंद करने की प्रक्रिया में KYC पूरा करने की जरूरत पड़ सकती है, जिससे कई लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि जिस सुविधा का वे इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, उसके लिए शुल्क वसूलना उचित नहीं माना जा सकता।
PhonePe से स्पष्ट जानकारी की मांग
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और बड़ी संख्या में यूजर्स कंपनी से इस नियम को लेकर स्पष्ट जवाब की मांग कर रहे हैं। डिजिटल भुगतान सेवाओं में पारदर्शिता और ग्राहकों का भरोसा बेहद अहम होता है, ऐसे में PhonePe की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।
