उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिला कार्यालय के सभाकक्ष में गौ सेवकों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क पर विचरण करने वाले, बीमार और घायल पशुओं के रेस्क्यू, उपचार तथा उनके लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने गौ सेवकों से उनके कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी लेते हुए पशु संरक्षण और उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए।
उप मुख्यमंत्री ने गौ सेवकों के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे दिन-रात बीमार और घायल पशुओं के रेस्क्यू एवं उपचार में जुटे रहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ सेवकों के लिए सेवा कार्य से संबंधित संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पशुपालन विभाग के चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकों और उपलब्ध मानव संसाधन की भी जानकारी ली गई। श्री शर्मा ने चिकित्सकों की पदस्थापना, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं तथा जहां अतिरिक्त चिकित्सकीय सेवाओं की आवश्यकता है, उसकी समीक्षा की। उन्होंने सभी चिकित्सकों की बैठक आयोजित कर पशुओं के उपचार एवं रेस्क्यू व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यू वाहन को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल अथवा बीमार पशु की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके लिए जिम्मेदारी तय करने और संपर्क व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर पशु चिकित्सालय को वहां स्थानांतरित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े और व्यवस्थित स्थान पर पशुओं के उपचार, देखभाल और विश्राम के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के लिए किसानों को अधिक से अधिक पैरादान के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष के रूप में उपलब्ध पैरा जलाने के बजाय गौवंश के लिए दान किया जाए। इससे पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। इसके लिए वीडियो और अन्य प्रचार माध्यमों से किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क पर बैठे पशुओं को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए दुर्घटना संभावित और अधिक मोड़ वाले स्थानों को चिन्हांकित करने पर भी चर्चा हुई। ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग एवं अन्य सुरक्षा उपाय करने का सुझाव दिया गया। साथ ही वाहन चालकों को इन स्थानों पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री विशेषर पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, गौ सेवक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
