Harshit Rana : स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा की टीम इंडिया में वापसी हो गई है। घुटने की चोट से पूरी तरह उबरने के बाद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है।
BCCI के अनुसार, पुरुष चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ अंतिम वनडे के लिए हर्षित राणा को टीम में शामिल करने का फैसला लिया है। राणा ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और वह चेन्नई में भारतीय टीम से जुड़ चुके हैं।
24 वर्षीय हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर थे। इसी वजह से वह T20 वर्ल्ड कप 2026 और IPL 2026 के अधिकांश मुकाबलों में भी हिस्सा नहीं ले सके थे। उन्होंने आखिरी बार जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी दौरों को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने राणा को मैच प्रैक्टिस देने का फैसला किया है। अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला उनके लिए फिटनेस और फॉर्म साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
दिलचस्प बात यह है कि हर्षित राणा को टीम में शामिल करने के लिए किसी खिलाड़ी को बाहर नहीं किया गया है। उनका चयन ऐसे समय में हुआ है जब युवा खिलाड़ियों प्रिंस यादव और गुरनूर बरार ने इस सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत की है।
राणा को पहले ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियाई खेलों के लिए भारतीय T20 टीम में जगह मिल चुकी है। ऐसे में चयनकर्ताओं का यह फैसला संकेत देता है कि भविष्य की योजनाओं में इस युवा तेज गेंदबाज को महत्वपूर्ण भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है।
चोट से वापसी के बाद हर्षित राणा की नजर अब शानदार प्रदर्शन कर टीम में अपनी जगह और मजबूत करने पर होगी।
