ICC ODI World Cup 2027 : नई दिल्ली। वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसमें टूर्नामेंट की संभावित तारीखों का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 4 अक्टूबर 2027 से शुरू हो सकता है और इसका फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को खेला जाने की संभावना है। इस बार वर्ल्ड कप की मेजबानी संयुक्त रूप से दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।
प्रोविजनल शेड्यूल पर बनी सहमति
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रोविजनल शेड्यूल पर मई में अहमदाबाद में हुई ICC बोर्ड बैठक के दौरान सहमति बनी थी। अब जुलाई में एडिनबर्ग में होने वाली ICC की वार्षिक आम बैठक में इस शेड्यूल को अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अधिकतर मैच दक्षिण अफ्रीका में होने की संभावना
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कुल 54 मैचों में से लगभग 41 मुकाबले दक्षिण अफ्रीका में खेले जा सकते हैं। ये मैच आठ अलग-अलग वेन्यू पर आयोजित होंगे। वहीं जिम्बाब्वे में तीन वेन्यू पर 8 से 10 मैच होने की संभावना है, जबकि नामीबिया में 3 मुकाबले खेले जा सकते हैं।
अफ्रीका में लंबे समय बाद लौटेगा वर्ल्ड कप
यह पहली बार होगा जब 2003 के बाद दक्षिण अफ्रीका में पुरुष वनडे वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा। हालांकि, इसके बाद भी अफ्रीका ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2009 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2023 का महिला टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी की है।
14 टीमें लेंगी हिस्सा, बदला हुआ फॉर्मेट
2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जो 2023 वर्ल्ड कप से अलग है, जिसमें 10 टीमों ने भाग लिया था। टूर्नामेंट में टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर-6 स्टेज में प्रवेश करेंगी।
ऑस्ट्रेलिया है डिफेंडिंग चैंपियन
पिछला वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत की मेजबानी में खेला गया था, जहां ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब सभी की नजरें 2027 के इस बड़े टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर अपने चरम पर होगा।
