टेक डेस्क। सोशल मीडिया कंपनी मेटा अपने यूजर्स के लिए नया “Plus” सब्सक्रिप्शन मॉडल लाने की तैयारी कर रही है। यह प्लान फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं को कई एक्सक्लूसिव और एडवांस फीचर्स उपलब्ध कराएगा। कंपनी का कहना है कि यह सेवा मौजूदा Meta Verified से अलग होगी और इसका मुख्य उद्देश्य यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाना है।
मेटा के नए Plus प्लान के तहत व्हाट्सएप यूजर्स को कस्टम थीम, यूनिक रिंगटोन और प्रीमियम स्टिकर्स जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा पहले की तुलना में अधिक चैट्स को पिन करने की सुविधा भी दी जा सकती है, जिससे जरूरी बातचीत तक पहुंच आसान हो जाएगी।
इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए भी कई नए फीचर्स पेश किए जा सकते हैं। इनमें “Story Rewatch Track” फीचर प्रमुख है, जिसके जरिए यूजर यह जान सकेगा कि उसकी स्टोरी को किसी व्यक्ति ने कितनी बार देखा है। साथ ही अलग-अलग लोगों के लिए अनलिमिटेड ऑडियंस ग्रुप बनाने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
Plus प्लान में “Secret Story Preview” फीचर भी शामिल होने की संभावना है। इसके माध्यम से यूजर्स किसी स्टोरी का प्रीव्यू देख सकेंगे, जबकि उनका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा। इसके अलावा स्टोरी को 24 घंटे के बाद भी प्रोफाइल पर बनाए रखने, स्टोरी स्पॉटलाइट, व्यूअर लिस्ट सर्च, एनिमेटेड रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकन और विशेष बायो फॉन्ट्स जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं।
मेटा “Meta One” नाम से एक नए AI और बिजनेस-केंद्रित सब्सक्रिप्शन मॉडल पर भी काम कर रही है। इसमें एडवांस्ड AI टूल्स, कंटेंट जनरेशन फीचर्स, बेहतर एनालिटिक्स, प्रोफाइल प्रमोशन और बिजनेस यूजर्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएं शामिल की जा सकती हैं।
हालांकि कंपनी ने इन प्लान्स के वैश्विक रोलआउट की जानकारी दी है, लेकिन भारत में लॉन्च की तारीख और कीमतों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भारतीय यूजर्स के लिए भी इन प्रीमियम सेवाओं की शुरुआत की जा सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये फीचर्स किफायती कीमत पर उपलब्ध होते हैं, तो सोशल मीडिया इस्तेमाल करने का तरीका काफी हद तक बदल सकता है और यूजर्स को पहले से अधिक व्यक्तिगत तथा इंटरैक्टिव अनुभव मिल सकता है।
