पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भिलाई-3 थाना परिसर में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंचे तथा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में महापौर निर्मला कोसरे, सभापति कृष्ण चंद्राकर, सुजीत बघेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया का दुरुपयोग किया जा रहा है।
महापौर निर्मला कोसरे ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर तथ्यहीन और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे न केवल एक जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है, बल्कि राजनीतिक माहौल पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन झूठी और भ्रामक जानकारी का प्रसार उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा।
इधर, सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
