मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिली है। योजना के अंतर्गत जिले में वर्तमान में 11 बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध हो रही है।
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार बसों का संचालन कैलाशगुफा-बगीचा, सन्ना-चम्पा, कोतबा-बुलडेगा, तेलाईन-फरसाबहार, रनपुर-कांसाबेल, दोकड़ा-दुलदुला, जशपुर-हर्री, जशपुर-बिचीटोली, जूनाडीह-बासनतला, पत्थलगांव-नारायणपुर तथा दुलदुला-अबिरा मार्गों पर किया जा रहा है। इन मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से दूरस्थ गांवों का संपर्क बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों से बेहतर हुआ है।
योजना के लागू होने के बाद ग्रामीणों की निजी वाहनों और महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता कम हुई है। नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है तथा दैनिक आवागमन अधिक सुविधाजनक बना है।
इस योजना का लाभ विशेष रूप से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है। विद्यार्थी आसानी से स्कूल और कॉलेज पहुंच पा रहे हैं, किसान अपनी उपज कम लागत में बाजार तक पहुंचा रहे हैं और श्रमिकों को कार्यस्थलों तक आने-जाने में सुविधा मिल रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के क्षेत्र में भी योजना उपयोगी साबित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज अब कम समय और कम खर्च में अस्पताल पहुंच पा रहे हैं, जिससे समय पर उपचार संभव हो रहा है। दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से लाभदायक मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना जशपुर जिले में केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बेहतर संपर्क और सुगम आवागमन के माध्यम से यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त कर रही है।
