रायपुर, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम लगभग साढ़े 6 बजे नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री साय छत्तीसगढ़ सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में सुशासन, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच समन्वय तथा आगामी रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 11 जून को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाली नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में वे राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाने के साथ बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं।
बस्तर क्षेत्र में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार केंद्र से अतिरिक्त सहयोग की अपेक्षा कर रही है। नीति आयोग की बैठक में इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा राज्य के विकास और केंद्र-राज्य समन्वय की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
