Jayam Ravi ने अपने तलाक विवाद को लेकर चेन्नई में आयोजित प्रेस मीट के दौरान भावुक होकर बड़ा ऐलान किया। अभिनेता ने कहा कि जब तक उनकी पत्नी Aarti Ravi के साथ तलाक की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे फिल्मों में अभिनय नहीं करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयम रवि कई बार भावुक नजर आए और उन्होंने अपने निजी जीवन से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की।
केनीशा फ्रांसिस के साथ नाम जुड़ने पर दी सफाई
जयम रवि ने सिंगर और स्पिरिचुअल थेरेपिस्ट Kenisha Francis के साथ अपने नाम जुड़ने पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से इस मामले में बेवजह उनका और केनीशा का नाम घसीटा जा रहा है।
अभिनेता ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय तक पत्नी और उनके परिवार की ओर से अपमान का सामना करना पड़ा और अब वे इस मुद्दे पर चुप नहीं रह सकते।
बेटों से न मिलने देने का लगाया आरोप
प्रेस मीट के दौरान जयम रवि ने अपने बेटों आरव और अयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जब तक मेरा तलाक नहीं हो जाता, मैं एक्टिंग नहीं करूंगा। मैं अभी मानसिक रूप से काम करने की स्थिति में नहीं हूं।”
उन्होंने दावा किया कि उनके बच्चों के साथ हमेशा बॉडीगार्ड रहते हैं और वे अपने परिवार से दूर कर दिए गए हैं। अभिनेता ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी की थी और अब उसी फैसले की कीमत चुका रहे हैं।
मानसिक तनाव पर भी बोले अभिनेता
जयम रवि ने खुलासा किया कि इस विवाद के कारण वे गंभीर मानसिक और भावनात्मक तनाव से गुजरे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद अगले दिन शूटिंग पर पहुंचे क्योंकि फिल्मों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा मजबूत रही है।
आरती रवि का इंस्टाग्राम पर जवाब
जयम रवि की प्रेस मीट के बाद उनकी पत्नी आरती रवि ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “सोते हुए शेर को कभी नहीं जगाना चाहिए। और अगर वह शेरनी हो, तो भगवान ही बचाए।”
आरती ने कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने संकेत दिए कि जरूरत पड़ने पर वे अपने बच्चों और सम्मान की रक्षा के लिए खुलकर सामने आएंगी और पूरे सच के साथ अपनी बात रखेंगी।
