Sreeleela AI Photo: मुंबई। साउथ सिनेमा की अभिनेत्री श्रीलीला इस समय अपनी अश्लील AI जेनरेटेड तस्वीरों के वायरल होने से काफी परेशान हैं। ‘गुंटूर करम’ और ‘पुष्पा 2’ फेम एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि यह घटना उन्हें गहरा दुख पहुँचा रही है। उन्होंने इस गंभीर मामले को लेकर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और फैंस से टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल का समर्थन न करने की अपील की है।
Sreeleela, जो अमेरिका के एक तेलुगू परिवार से आती हैं और MBBS की पढ़ाई कर चुकी हैं, ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि AI और डीपफेक टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल से कई सेलेब्स परेशान हैं। उन्होंने फैंस से हाथ जोड़कर विनती की कि इस तरह की अश्लील सामग्री का समर्थन न करें। उनका कहना है कि टेक्नोलॉजी का उद्देश्य जीवन को आसान बनाना होना चाहिए, न कि इसे मुश्किल करना।

एक्ट्रेस ने इस मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि “हर लड़की किसी की बेटी, बहन या दोस्त होती है। किसी को भी उनकी तस्वीरों को मॉर्फ करने का अधिकार नहीं है।” उन्होंने फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया, जिन्होंने इस मामले को उनके नोटिस में लाया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है और श्रीलीला ने भरोसा जताया कि प्रशासन इसे आगे संभालेगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रीलीला जल्द ही अनुराग बसु की फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं। इसके अलावा तेलुगू में पवन कल्याण के साथ ‘उस्ताद भगत सिंह’ और तमिल में शिवकार्तिकेयन के साथ ‘परशक्ति’ जैसी बड़ी फिल्में उनके पास हैं।
