छत्तीसगढ़ के समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर काफी नाराज नजर आए। कार्यक्रम में ग्रामीणों की शिकायतों के बाद उन्होंने मंच से ही नायब तहसीलदार गजानंद सिदार की जमकर क्लास लगा दी।
कार्यक्रम आरंग थाना क्षेत्र के समोदा हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया गया था, जहां स्थानीय लोगों ने राजस्व मामलों में देरी और कथित पैसों के लेन-देन को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। ग्रामीणों का आरोप था कि तहसील कार्यालय में आम लोगों के काम समय पर नहीं हो रहे हैं।
जनता की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से ही नायब तहसीलदार से कहा, “जनता को किसको पैसे देने की बात करते हो? सांसद जी को कितना पैसा दिए जो जनता को बोलते हो?” उन्होंने अधिकारी को कार्यशैली सुधारने और व्यवहार ठीक रखने की नसीहत भी दी।
सांसद ने आगे कहा कि सबसे ज्यादा शिकायतें उसी अधिकारी के खिलाफ आती हैं। उन्होंने तीखे अंदाज में पूछा, “आपका अभिनंदन करें या क्या करें, बताओ? सबसे ज्यादा शिकायत आपकी आती है।”
बृजमोहन अग्रवाल ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी शिकायतें मिलीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता के काम में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने मौके पर मौजूद एडीएम और एसडीएम को नायब तहसीलदार के पास लंबित मामलों की समीक्षा करने और शिकायतों की जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
