रायपुर, नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर से छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने चिंता जताई है। लापता भारतीय नागरिकों में अंबिकापुर के वरिष्ठ नेता कर्ताराम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति और उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर नेपाल स्थित भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय से किया संपर्क
मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस मामले में तत्काल विदेश मंत्रालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है, ताकि डॉ. मीना गुप्ता से संबंधित आवश्यक विवरण विदेश मंत्रालय तक पहुंचाया जा सके और उनकी तलाश एवं सुरक्षित वापसी के प्रयासों को गति मिल सके।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में लापता लोगों के परिवारों की चिंता और व्याकुलता को समझा जा सकता है। प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों से आवश्यक जानकारी साझा कर डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
मंत्री ने नेपाल की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के सदस्य बाढ़ के बाद लापता हैं, उनके लिए यह बेहद कठिन समय है। ऐसे समय में संवेदना, सहयोग और हरसंभव सहायता सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों और लापता लोगों की तलाश के प्रयासों में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे तथा डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिक सकुशल अपने परिवारों के बीच लौट सकेंगे।
