छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान लेमरू में एक लखपति दीदी के गुपचुप ठेले पर पहुंचकर पानीपुरी का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
शनिवार को जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर जाने से पहले मंजू नामक महिला उद्यमी के गुपचुप स्टॉल पर रुककर गुपचुप खाई। इस दौरान उनके साथ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने भी पानीपुरी का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री को अपने हाथों से गुपचुप परोसते हुए मंजू काफी उत्साहित नजर आईं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने छोटे स्तर पर गुपचुप स्टॉल से व्यवसाय शुरू किया था। धीरे-धीरे बचत और मेहनत के बल पर उन्होंने भवन निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली ‘सेंटरिंग प्लेट’ के कारोबार में भी कदम रखा।
मुख्यमंत्री साय ने मंजू के संघर्ष और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती का मजबूत माध्यम बन रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंजू को लखपति दीदी योजना के तहत 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जब मेहनत को सही अवसर और हौसले को सहारा मिलता है, तब उसका सकारात्मक असर पूरे समाज पर दिखाई देता है।
