सोनमणि बोरा ने कहा कि जीवन में सफलता अनुशासित परिश्रम, तप और त्याग से ही प्राप्त होती है। आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव एवं दुर्ग जिले के प्रभारी सचिव श्री बोरा ने मंगलवार को पीएम श्री विद्यालय कुम्हारी का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने विद्यालय की लाइब्रेरी, विज्ञान प्रयोगशाला, अटल लैब, स्पोर्ट्स रूम और विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। प्राथमिक विभाग में संचालित ‘जादुई पिटारा’ गतिविधियों और मिडिल विभाग में स्मार्ट क्लास के माध्यम से कराए जा रहे शिक्षण कार्य की उन्होंने सराहना की।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए श्री बोरा ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ज्ञान पिपासु शिक्षार्थी और अभ्यर्थी बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की प्रशंसा की। टॉपर विद्यार्थियों से चर्चा में किसी ने सीए, किसी ने साइबर इंजीनियर तो किसी ने कलेक्टर बनने की इच्छा जताई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों के प्रयासों को भी सराहा।
सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 12वीं की छात्रा रिया साहू शामिल रहीं, जिन्होंने राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा साक्षी देवांगन ने जिला स्तर पर आठवां स्थान हासिल किया। कक्षा 8वीं में पायल रजानी और नैतिक आमटे ने संकुल स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 5वीं में शिवानी पटेल प्रथम, जबकि भव्या साहू और रूपाली साहू द्वितीय स्थान पर रहीं।
