खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
दयाल दास बघेल ने शुक्रवार को सुशासन तिहार 2026 के तहत मोहतरा में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी मांगें व शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस दौरान एसडीएम दिव्या पोटाई, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री श्री बघेल ने मोहतरा स्थित राम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म निभाई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
834 आवेदन, 246 का तत्काल समाधान
नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में कुल 834 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 814 मांग संबंधी और 20 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे।
प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए 246 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। इनमें 242 मांग और 4 शिकायत संबंधी प्रकरण शामिल हैं। शेष 588 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
ग्रामीणों ने मौके पर समाधान मिलने पर शासन और प्रशासन की पहल की सराहना की।
जनता से संवाद, आवेदन देने के लिए किया प्रेरित
मंत्री श्री बघेल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने लोगों को अपनी समस्याएं लिखित आवेदन के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अधिकारियों को दिए संवेदनशीलता के निर्देश
मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
अपने संबोधन में मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। इसके अलावा महतारी वंदन योजना, आयुष्मान योजना, राशन कार्ड निर्माण, तीन माह का चावल एक साथ वितरण और क्षेत्रीय विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।
उन्होंने नवागढ़ में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल और महतारी सदन की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
शिविर में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान प्रमाण पत्र दिए गए। विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं चाबी, नवीन राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व कार्ड तथा मत्स्य पालन के लिए जाल वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुकन्या समृद्धि और नोनी सुरक्षा योजना के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
