ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता को नमन किया।
7 मई 2025 को पहलगाम में निहत्थे नागरिकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इस सैन्य अभियान को आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया माना गया था।
PM मोदी ने सेना के साहस को किया नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी तस्वीर को अपनी नई डीपी बनाया। उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और भारतीय सेना के साहस को कभी नहीं भूलेगा।
प्रधानमंत्री ने संस्कृत में एक श्लोक भी साझा किया:
“उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत।
यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्॥”
इस मौके पर कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया डीपी बदलकर सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
सेना ने जारी किया विशेष वीडियो
भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर एक विशेष वीडियो जारी किया। वीडियो में अभियान के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियारों, रणनीति और आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई को दिखाया गया है।
सेना ने अपने संदेश में कहा कि भारत की प्रतिक्रिया सुनियोजित, सटीक और दृढ़ थी तथा देश अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राजनाथ सिंह बोले — यह राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक
राजनाथ सिंह ने भी ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में सेना ने जिस सटीकता, समन्वय और तालमेल का परिचय दिया, उसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए नया मानक स्थापित किया है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता, सैन्य तैयारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ती ताकत का प्रतीक है।
