रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
यह मामला रावाभाठा वार्ड नंबर 13 का है, जहां एक घर में तार, डेटोनेटर, केमिकल और अन्य विस्फोटक सामग्री जैसी संदिग्ध वस्तुएं मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर नार्थ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पूरे इलाके की घेराबंदी
घटना के बाद बम स्क्वॉड टीम ने मकान और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
रावाभाठा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मौके पर ही नष्ट की गई सामग्री
जांच के दौरान टीम को घर के अंदर से बैटरी, वायर, डेटोनेटर और केमिकल से भरी दो बोतलें मिलीं। बीडीडीएस और एफएसएल टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए संदिग्ध सामग्री को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
मितानिन के घर रखा गया था बैग
पुलिस के अनुसार, यह मकान मितानिन पुष्पा साहू का है। पुष्पा साहू और उनके परिवार की पहचान बीरगांव निवासी विनय देवांगन से थी। बताया जा रहा है कि विनय देवांगन बुधवार शाम एक बैग लेकर घर पहुंचा था और कुछ समय के लिए बैग रखने की बात कहकर वहां से चला गया।
बैग पर शक होने के बाद पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी जानकारी दी। गुरुवार सुबह पार्षद स्थानीय लोगों के साथ पहुंचे और बैग की जांच की, जिसमें एयर गन और देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बैग छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
