TVK Stakes Claim Tamil Nadu Government : चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। कांग्रेस ने DMK से अपना 55 साल पुराना गठबंधन तोड़कर TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश कर दिया है।
TVK की शानदार जीत
अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की पार्टी TVK ने अपने पहले ही चुनाव में करीब 35 प्रतिशत वोट शेयर हासिल किया। विजय ने पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों पर शानदार जीत दर्ज की। 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटों के साथ TVK अब राज्य की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
कांग्रेस का बड़ा फैसला
तमिलनाडु कांग्रेस ने DMK से नाता तोड़कर TVK को समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रभारी गिरीश चोडनकर ने कहा कि यह फैसला जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए लिया गया है। कांग्रेस ने एक शर्त भी रखी है कि वे किसी ऐसी ताकत के साथ गठबंधन नहीं करेंगी जो संविधान में विश्वास नहीं रखती या सांप्रदायिक राजनीति करती है।
DMK को लगा बड़ा झटका
कांग्रेस के इस फैसले पर DMK ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। DMK ने इसे ‘पीठ में छुरा घोंपना’ बताया है। लंबे समय से चले आ रहे DMK-कांग्रेस गठबंधन के टूटने से राज्य की राजनीति में नया समीकरण बन गया है।
AIADMK को भी निराशा
AIADMK ने TVK को गठबंधन का प्रस्ताव दिया था, लेकिन विजय की पार्टी ने इसे फिलहाल होल्ड पर रख दिया है। इससे TVK और कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
