BSF Headquarters Blast in Jalandhar : जालंधर। पंजाब के जालंधर में मंगलवार शाम बीएसएफ मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के एक किलोमीटर क्षेत्र तक इसकी आवाज सुनाई दी और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
फ्लिपकार्ट कर्मचारी की स्कूटी में हुआ ब्लास्ट
पुलिस के अनुसार, फ्लिपकार्ट डिलीवरी कर्मचारी गुरप्रीत मुख्यालय के बाहर स्कूटी पार्क करके अंदर पार्सल डिलीवर करने गया था। तभी शाम 8:15 बजे स्कूटी में धमाका हो गया। धमाके में स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। एक व्यक्ति घायल हुआ है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
500 मीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की गूंज
घटना के समय मुख्यालय के पास सब्जी मंडी में काफी भीड़ थी। धमाके की आवाज सुनकर लोग सहम गए और अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बीएसएफ ने पूरे इलाके को सील कर दिया है।
कारणों की जांच जारी
अभी तक धमाके के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी में विस्फोटक सामग्री होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पंजाब में तीसरी ब्लास्ट घटना
यह पंजाब में हाल के दिनों में तीसरी ब्लास्ट की घटना है। इससे पहले चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर और पटियाला के शंभू रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हो चुका है। इन लगातार घटनाओं ने पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
