छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने सब ऑडिटर (उप अंकेक्षक) के 69 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं के अंतर्गत की जाएगी।
पदों का वर्गवार वितरण इस प्रकार है—अनारक्षित वर्ग के लिए 29, अनुसूचित जाति के लिए 8, अनुसूचित जनजाति के लिए 22 और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 22 मई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 23 से 25 मई तक सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
