Delhi Metro Phase CM Rekha Gupta : नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के 32वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेट्रो फेज-V (B) के तहत 7 नए कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है। इनकी कुल लंबाई 97.158 किलोमीटर होगी और इनमें 65 नए स्टेशन बनाए जाएंगे। पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 48,204.56 करोड़ रुपये है।
चार कॉरिडोर 2029 तक पूरे होने के लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि चार प्राथमिकता वाले कॉरिडोर को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शेष तीन कॉरिडोर चरणबद्ध तरीके से विकसित किए जाएंगे। DMRC को इनके लिए अलग-अलग संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नए कॉरिडोर और उनका विवरण
- ढांसा बस स्टैंड से नांगलोई: 11.859 किमी लंबा पूरी तरह एलिवेटेड कॉरिडोर। 9 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे। नरेश पार्क, रणहौला, बक्करवाला, बापरोला आदि क्षेत्रों को जोड़ेगा।
- केंद्रीय सचिवालय से किशनगढ़: 15.969 किमी लंबा, ज्यादातर अंडरग्राउंड। 10 स्टेशन (9 अंडरग्राउंड, 1 एलिवेटेड)। आरके पुरम, जेएनयू, प्रधानमंत्री संग्रहालय आदि क्षेत्रों को कनेक्टिविटी मिलेगी।
- समयपुर बादली से नरेला DDA स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: 12.89 किमी एलिवेटेड। 8 स्टेशन। सिरसपुर, खेड़ा कलां, अलीपुर आदि क्षेत्रों को जोड़ेगा।
- कीर्ति नगर से पालम: 9.967 किमी (8.397 किमी अंडरग्राउंड, 1.57 किमी एलिवेटेड)। 6 स्टेशन। सरस्वती गार्डन, मायापुरी, आईआईटीएम जनकपुरी आदि क्षेत्र कवर होंगे।
- जोर बाग से मिठापुर: 16.991 किमी (12.275 किमी अंडरग्राउंड, 4.716 किमी एलिवेटेड)। 12 स्टेशन। लोधी कॉलोनी, ओल्ड ईश्वर नगर, जैतपुर आदि क्षेत्रों को जोड़ेगा।
- शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-III: 13.197 किमी (8.99 किमी अंडरग्राउंड, 4.207 किमी एलिवेटेड)। 8 स्टेशन। गीता कॉलोनी, गांधी नगर, त्रिलोकपुरी आदि क्षेत्र कनेक्ट होंगे।
- केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर-34: 16.285 किमी पूरी तरह एलिवेटेड। 12 स्टेशन। वेस्ट शालीमार बाग, ईस्ट पीतमपुरा, रोहिणी सेक्टर-16 आदि क्षेत्रों को जोड़ेगा।
दिल्ली के विकास को नई गति
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन कॉरिडोरों से दिल्ली के दूर-दराज और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, यातायात सुगम बनेगा और प्रदूषण भी घटेगा। यह परियोजना राजधानी के समग्र और संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
