NDMA Mock Drill Alert : नई दिल्ली। अगर 2 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच आपके मोबाइल फोन पर तेज बीप की आवाज के साथ कोई इमरजेंसी अलर्ट संदेश आता है तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। यह भारत सरकार द्वारा आयोजित NDMA Mock Drill का हिस्सा है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और दूरसंचार विभाग के सहयोग से यह परीक्षण किया जा रहा है।
क्या है मॉक ड्रिल का मकसद?
इस ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाने वाली प्रणाली की जांच करना है। बाढ़, भूकंप, सुनामी या किसी अन्य आपदा के समय लोगों को सतर्क करने के लिए ‘सेल ब्रॉडकास्ट’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। यह तकनीक बिना इंटरनेट के सीधे मोबाइल नेटवर्क के जरिए सभी फोन तक एक साथ संदेश पहुंचाती है।
कैसे आएगा अलर्ट?
यह अलर्ट साइलेंट मोड में भी तेज आवाज और वाइब्रेशन के साथ दिखाई देगा। संदेश में साफ लिखा होगा कि यह केवल परीक्षण है। आपको बस इसे पढ़कर ‘OK’ पर क्लिक करना है। संदेश अलग-अलग भाषाओं में और कई बार भी आ सकता है, जो पूरी तरह सामान्य है।
ध्यान रखें ये बात
इस अलर्ट के जवाब में कोई कॉल करने या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने की जरूरत नहीं है। यह पूरी तरह सुरक्षित परीक्षण है। NDMA का मानना है कि ऐसे मॉक ड्रिल से आपदा प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत बनाया जा सकता है।
