Riyan Parag IPL 2026: मुंबई। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर बीसीसीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। आईपीएल 2026 के 40वें मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट (वेपिंग) करते हुए कैमरे में कैद होने पर उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के तहत उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।
क्या था पूरा मामला?
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए मैच के दौरान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते नजर आए। उस समय राजस्थान रॉयल्स 223 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। वीडियो में पराग के साथ यशस्वी जायसवाल, युधवीर सिंह चरक और कुलदीप सेन भी दिखाई दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद बीसीसीआई ने तुरंत संज्ञान लिया।
बीसीसीआई ने दी सख्ती
आईपीएल मैच रेफरी अमित शर्मा ने रियान पराग पर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की। यह इस सीजन में रियान पराग की दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स रोमी भिंडर के डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के मामले में विवादों में आ चुकी है।
भारत में वेपिंग पर सख्त कानून
भारत में ‘प्रोहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट्स एक्ट (PECA), 2019’ के तहत ई-सिगरेट और वेपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस कानून के तहत इसे बनाना, बेचना, खरीदना, स्टोर करना, विज्ञापन करना या इस्तेमाल करना अवैध है। उल्लंघन पर भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है।
RR पर बढ़ता दबाव
रियान पराग इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान हैं। उनकी इस हरकत से टीम की छवि पर असर पड़ा है। बीसीसीआई की सख्ती से साफ है कि खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में भी अनुशासन बनाए रखना होगा।
