रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने हैदराबाद स्थित मुख्यालय में साउथ जोन-2 के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
नई जिम्मेदारी के तहत संतोष सिंह आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में स्थित CISF द्वारा संरक्षित इकाइयों की सुरक्षा की निगरानी करेंगे। इनमें खदान, औद्योगिक इकाइयां, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और अन्य महत्वपूर्ण संस्थान शामिल हैं।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल देश के प्रमुख औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार केंद्रीय अर्धसैनिक बल है। ऐसे में इस पद पर नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संतोष सिंह की यह नियुक्ति न केवल छत्तीसगढ़ कैडर के लिए गौरव की बात है, बल्कि उन्हें देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था संभालने का अवसर भी प्रदान करेगी।
