CG Korba Crime: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद क्रूर और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने हत्या के बाद पत्नी का सिर धड़ से अलग कर लिया और उसे लेकर गांव में घूमता रहा। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पारिवारिक विवाद और चरित्र संदेह की वजह से की हत्या
मृतका की पहचान छेक बाई के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसके पति सालिक राम यादव है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में चरित्र संदेह को इस क्रूर अपराध का मुख्य कारण बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। घटना के समय घर में दोनों के बच्चे भी मौजूद थे, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
पोल्ट्री फार्म में काम करता था आरोपी
आरोपी सालिक राम यादव गांव के एक पोल्ट्री फार्म में काम करता था और वहीं अपने परिवार के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम रजगामार थाना प्रभारी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे का सही कारण सामने आ सके। इस घटना ने पूरे जिले में गुस्सा और दुख का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोग इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा कर रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
