Bihar : पटना। बिहार में राजनीतिक बदलाव की घड़ी आ चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे और बैठक के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके तुरंत बाद राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो जाएगा।
14 अप्रैल को अहम बैठकें
सूत्रों के अनुसार, 14 अप्रैल को सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। बैठक से पहले नीतीश कुमार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। बैठक के बाद एनडीए विधानमंडल दल की बैठक भी होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के चयन पर फैसला लिया जाएगा।
15 अप्रैल को शपथ ग्रहण की संभावना
नए नेता का चुनाव होने के बाद 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा सकता है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार मुख्यमंत्री पद भाजपा के खाते में जा सकता है।
सम्राट चौधरी प्रमुख दावेदार
अगले मुख्यमंत्री को लेकर सम्राट चौधरी का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला एनडीए की विधायक दल बैठक में ही लिया जाएगा।
नीतीश कुमार की भूमिका बनी रहेगी अहम
इस्तीफे के बाद भी नीतीश कुमार की भूमिका बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण बनी रहेगी। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नई सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी और उनके विचारों को आगे बढ़ाएगी। नीतीश कुमार बिहार में रहकर ही राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
