रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला, जब 850 श्रद्धालुओं का दल ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अयोध्या और काशी दर्शन के लिए रवाना हुआ। कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल एवं श्री टंकराम वर्मा ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
‘जय श्री राम’ के जयघोष से रेलवे स्टेशन गूंज उठा। अधिकांश श्रद्धालु पहली बार अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं, जिससे उनके चेहरों पर खास उत्साह दिखाई दिया। यात्रियों ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार जताया।
अयोध्या के साथ काशी विश्वनाथ दर्शन का भी अवसर
यह तीर्थयात्रा श्रद्धालुओं को अयोध्या में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर प्रदान करेगी। राज्य सरकार ने आईआरसीटीसी और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के माध्यम से भोजन, आवास, चिकित्सा और भ्रमण सहित सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की है।
पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
44 हजार से अधिक श्रद्धालु ले चुके हैं लाभ
साय सरकार की ‘रामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 52 ट्रेनों के माध्यम से लगभग 44,200 श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ उठा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली ट्रेन के रूप में रायपुर से 850 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 53 ट्रेनों में 45,050 श्रद्धालु इस पावन यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं।
आस्था और संस्कृति का विशेष जुड़ाव
छत्तीसगढ़ को प्रभु श्रीराम का ननिहाल माना जाता है और प्रदेश में उन्हें स्नेहपूर्वक “भांचा राम” कहा जाता है। यही कारण है कि राज्य सरकार लगातार तीसरे वर्ष श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है।
इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, पर्यटन मंडल के एमडी श्री विवेक आचार्य, डीजीएम श्रीमती पूनम शर्मा, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड, आईआरसीटीसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
