कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्य एवं केंद्र शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने भूमिगत जल रिचार्ज के लिए सभी शासकीय भवनों में सोखता गड्ढा और रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने तथा जनभागीदारी से जल संचयन कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए गए कि नहरों के आसपास भी ऐसी संरचनाएं विकसित की जाएं, जो जल को रोककर भूजल रिचार्ज में सहायक हों। खेतों के निचले हिस्सों में भी जल संरक्षण ढांचे तैयार करने को कहा गया। आंगनवाड़ी, शासकीय और निजी स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोखता पिट निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने और संरचनाओं के गुणवत्ता पूर्ण निर्माण के बाद फोटो एवं अनिवार्य जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में लोक सेवा गारंटी के तहत प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण और पोर्टल में तत्काल प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
राजस्व पखवाड़े के दौरान पटवारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए इसे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के मामलों में भूराजस्व संहिता के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों को दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भूमिहीन नागरिकों को लाभ दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर आबादी भूमि चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।
