Under-19 World Cup 2026: नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत का परिचय देते हुए ICC अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर इतिहास रच दिया। युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत यह उपलब्धि हासिल हुई।
इतिहास रचा भारत ने
इस जीत के साथ भारत अंडर-19 विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक बार खिताब जीतने वाला देश बन गया। इससे पहले भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस रिकॉर्ड से ऑस्ट्रेलिया (चार बार विजेता) को भी पीछे छोड़ दिया।

U19 WC 2026 WINNER INDIA : वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर बनाया। 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 15 छक्के लगाए। वैभव ने 55 गेंदों में शतक और 71 गेंदों में 150 रन बनाकर अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
भारत की पारी की शुरुआत थोड़ी धीमी रही और चौथे ओवर में एरन जॉर्ज (9) आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने 142 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। आयुष ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए। इसके अलावा अभिज्ञान कुंडु 40, विहान मल्होत्रा 36 और कनिष्क चौहान नाबाद 37 रन बनाकर भारत को 400 के पार पहुंचाने में मदद की। इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो ने तीन विकेट लिए।
इंग्लैंड की पारी में विफलता
412 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कैलेब फाल्कनर ने 115 रन की शतकीय पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत के लिए दीपेश देवेंद्रन, अम्ब्रिश और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट, जबकि खिलन पटेल और आयुष म्हात्रे ने एक-एक विकेट लिया।

