प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए उद्यानिकी एवं कृषि विभाग को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान 18–19 जनवरी 2026 को बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित 13वें नेशनल रिव्यू कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया। राज्य की ओर से उद्यानिकी विभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक नीरज शाहा ने पुरस्कार ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान किसानों के हित में अपनाई गई राज्य सरकार की योजनाबद्ध कृषि नीतियों और त्वरित क्रियान्वयन का परिणाम है। फसल बीमा योजनाओं से किसानों को समय पर मुआवजा, जोखिम से सुरक्षा और खेती में भरोसा मिला है।
राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले समय में तकनीक, पारदर्शिता और किसान-हितैषी नवाचारों के जरिए कृषि क्षेत्र को और सशक्त किया जाएगा, ताकि किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
