रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया।
युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करेगा एयर शो
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय वायु सेना अपनी वीरता, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यकुशलता के लिए दुनिया भर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। राज्योत्सव में आयोजित यह एयर शो प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का साहस और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम के पायलट जिस सटीकता, आपसी तालमेल और आत्मविश्वास के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब दिखाते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और भारतीय वायु सेना सहित अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर दिखाएंगे अपनी ताकत
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम स्वदेशी तकनीक से विकसित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ध्रुव के माध्यम से हवाई प्रदर्शन करती है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए टीम आसमान में विभिन्न आकर्षक संरचनाएं, समन्वित उड़ानें और रोमांचक करतब प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला यह प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का परिचय कराएगा। यह आयोजन देश की विमानन तकनीक और भारतीय वायु सेना के पेशेवर कौशल को करीब से देखने का अवसर भी देगा।
मोर से प्रेरित है सारंग टीम का रंग संयोजन
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम अपने अनूठे प्रदर्शन और उत्कृष्ट सामूहिक समन्वय के लिए जानी जाती है। इसके हेलीकॉप्टरों का आकर्षक रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। आसमान में पांच हेलीकॉप्टरों की एक साथ उड़ान, सटीक तालमेल और बदलती हवाई संरचनाएं दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगी।
टीम के प्रत्येक प्रदर्शन में पायलटों के बीच असाधारण समन्वय, एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और तकनीकी दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सारंग टीम का आदर्श वाक्य ‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ है। टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में अपने प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती है।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन
सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं। पांच हेलीकॉप्टरों के माध्यम से टीम आसमान में विभिन्न रोमांचक संरचनाओं और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनना टीम के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
उन्होंने बताया कि सारंग टीम का उद्देश्य केवल रोमांचक हवाई करतब दिखाना नहीं, बल्कि युवाओं को साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अपने सपनों पर विश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से ऊंचे लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
महिला पायलटों से प्रदेश की बेटियों को मिलेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम में दो महिला पायलटों की भागीदारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया जैसी महिला पायलटों की उपलब्धियां छत्तीसगढ़ की बेटियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेंगी। इससे युवतियों को विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।
राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण बनेगा एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव प्रदेश की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और विकास की यात्रा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस बार भारतीय वायु सेना की सारंग टीम का प्रदर्शन समारोह की भव्यता को और बढ़ाएगा।
नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से होने वाले एयर शो में दर्शकों को भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट उड़ान क्षमता और आधुनिक विमानन तकनीक देखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन खासकर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उनके सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित रहे।
