रायपुर, 29 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में गंभीर अपराधों का खुलासा करने, अपहृत लोगों को सुरक्षित बरामद करने, चोरी की संपत्ति वापस दिलाने और साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम वापस कराने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 28 अक्टूबर को नॉर्थ जोन और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मानित पुलिस टीमों ने हत्या, अपहरण, चोरी और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई अपहृत लोगों को सुरक्षित बरामद किया गया, जबकि चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ संपत्ति भी बरामद की गई।
वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या के मामले का खुलासा
थाना खमतराई की पुलिस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और डीएनए प्रोफाइल के मिलान के आधार पर हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों की जांच में तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल का महत्वपूर्ण उदाहरण माना गया।
इसी थाना क्षेत्र से जुड़े प्रतीक राय अपहरण मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर रायपुर पहुंचाया।
ज्वेलरी दुकान में चोरी के मामले में 11.58 लाख की संपत्ति बरामद
थाना गुढ़ियारी की पुलिस टीम ने ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 11 लाख 58 हजार 251 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
छह घंटे में नागपुर से बरामद हुआ डेढ़ साल का बच्चा
गुढ़ियारी पुलिस टीम ने अपहृत डेढ़ साल के बच्चे की तलाश में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर नागपुर से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार किया।
वहीं, थाना पंडरी की पुलिस टीम ने चोरी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया। विभिन्न मामलों में पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी, तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम वापस दिलाने वाले आरक्षक का विशेष सम्मान
सम्मान समारोह में थाना गुढ़ियारी में पदस्थ आरक्षक केदार सिंह राजपूत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें MRM पोर्टल के माध्यम से पूरे रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सर्वाधिक साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की रकम वापस दिलाने के लिए किए गए उनके प्रयासों को सराहनीय बताया गया। पुलिस ने साइबर अपराधों से प्रभावित नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण माना।
पुलिस कमिश्नर ने टीम भावना से काम करने के लिए किया प्रेरित
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी तत्परता, समर्पण और टीम भावना के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने गंभीर अपराधों का प्रभावी निराकरण करने, अपराधियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण रखने तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे, एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
