PM Modi UAE President Welcome: नई दिल्ली। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी की एक और अहम तस्वीर सोमवार को सामने आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान एक संक्षिप्त लेकिन बेहद महत्वपूर्ण आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री मोदी ने कूटनीतिक प्रोटोकॉल से हटकर खुद एयरपोर्ट जाकर यूएई राष्ट्रपति का स्वागत किया।
भारत पहुंचते ही दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता साफ नजर आई। पीएम मोदी और राष्ट्रपति नाहयान एयरपोर्ट से एक ही वाहन में रवाना हुए, जो दोनों देशों के बीच गहरे भरोसे और मजबूत रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।
‘अपने भाई’ का स्वागत करने पहुंचे पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए यूएई राष्ट्रपति को अपना “भाई” बताया। उन्होंने लिखा कि एयरपोर्ट पर जाकर स्वागत करना भारत-यूएई की दोस्ती और आपसी सम्मान को दर्शाता है। राष्ट्रपति बनने के बाद यह शेख मोहम्मद बिन जायद का तीसरा भारत दौरा है, जबकि बीते एक दशक में वे कुल पांच बार भारत आ चुके हैं।
समय कम, लेकिन एजेंडा बेहद अहम
हालांकि यूएई राष्ट्रपति की यह यात्रा करीब दो घंटे की ही रही, लेकिन इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, 2022 में हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के बाद द्विपक्षीय व्यापार को और विस्तार देने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा रक्षा सहयोग, निवेश, तकनीक और भारत की ऊर्जा जरूरतों को लेकर भी बातचीत हुई।
क्षेत्रीय और वैश्विक हालात पर मंथन
इस मुलाकात में केवल द्विपक्षीय मुद्दे ही नहीं, बल्कि पश्चिम एशिया के बदलते हालात भी चर्चा का केंद्र रहे। ईरान-अमेरिका तनाव, यमन संकट, सऊदी अरब-यूएई संबंधों और गाजा की मौजूदा स्थिति जैसे संवेदनशील विषयों पर दोनों नेताओं ने अपने-अपने विचार साझा किए।
रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती
यह उच्चस्तरीय मुलाकात सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भारत यात्रा के बाद हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतने कम समय के लिए यूएई राष्ट्रपति का भारत आना यह संकेत देता है कि दोनों देश वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर लगातार संवाद बनाए हुए हैं और अपनी रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
